उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जिले के खैरोदा थाना क्षेत्र के वाना में मामूली कहासुनी पर युवक की हत्या के आरोपी किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया है। मृतक विनोद मेनारिया के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द किया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार शाम को वाना गांव निवासी विनोद पुत्र कन्हैयालाल मेनारिया और एक नाबालिग लड़के के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गयी थी। दोनों की कहासुनी इतनी बढ़ गयी कि गुस्से में आए नाबालिग लड़के ने विनोद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और फिर मौके से फरार हो गया। विनोद ने हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बुधवार सुबह पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया और क्षेत्र में धरपकड़ कर आरोपी अपचारी को डिटेन कर लिया है।
परिवार में एकलौता बेटा था मृतक
परिजनों ने बताया कि मृतक विनोद उसके परिवार में एकलौता बेटा था। पुत्र की मौत के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। मृतक के पिता ने अपचारी विशाल के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने और सख्त सजा दिलवाने की मांग की है।


