भरतपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भरतपुर सांसद रंजीता कोली पर मंगलवार रात बदमाशों ने हमला किया है। रात 11.45 बजे कुछ अज्ञात बदमाश उनके बयाना स्थित घर तक पहुंचे, घर पर तीन फायर किए, इसके बाद बदमाशों ने रंजीता कोली की तस्वीर दीवार पर चिपकाकर क्रॉस का निशान लगाया और धमकीभरा पत्र भी दीवार पर चिपका कर फरार हो गए।
इस तरह से हुए हमले के बाद सांसद रंजीता कोली की तबियत खराब हो गयी और उन्हें अस्पताल भर्ती करवाया गया। रंजिता कोली भाजपा से भरतपुर सांसद है और पहली बार सांसद बनी हैं। हमलावरों ने धमकीभरे पत्र में अभद्र भाषा का उपयोग किया है।

सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। मौका-मुआयना कर पुलिस क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों तक पहुंचा जा सके। रंजिता कोली पर करीब 5 महीने पहले भी जानलेवा हमला हुआ था, तब वे क्षेत्र में अस्पतालों का दौरा कर लौट रही थीं। जबकि मंगलवार को उन्होंने क्षेत्र में जनसुनवाई की थी।
पत्र में लिखा जितना जोर लगाना है लगा लें, कोई बचाने नहीं आएगा
रंजीता कोली के घर पर चिपकाये गये धमकी वाले पत्र में हमलावरों ने सांसद को साफ चेतावनी दी है कि बचने के लिये जितना जोर लगाना है लगा लें, कोई बचाने नहीं आयेगा, हमले की इस घटना के बाद बयाना कस्बे में हड़कंप मच गया है।


