उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज़)। वल्लभनगर विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के ही बागी उदयलाल डांगी को साथ लेकर भाजपा को ही चित करने वाले आरएलपी नेता हनुमान बेनीवाल ने डांगी को आरएलपी का प्रदेश महामंत्री बनाकर एक और बड़ा राजनीतिक दांव खेल दिया हैं।
उप चुनाव के बाद मंगलवार को डबोक में आरएलपी(राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) का दीपावली स्नेह मिलन समारोह हुआ। इसमें आरएलपी संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने उदयलाल डांगी को आरएलपी का प्रदेश महामंत्री बनाने की घोषणा कर दी। जल्द ही मेवाड़ में आरएलपी का विस्तार भी किया जाएगा।

बेनीवाल ने कहा कि उप चुनाव में वल्लभनगर में आरएलपी को बड़ा जन समर्थन मिला और पार्टी प्रत्याशी उदयलाल डांगी को 40 हजार से अधिक वोट मिले। इससे यह स्पष्ट है कि मारवाड़ और शेखावाटी के बाद अब मेवाड़ ने भी 2023 में व्यवस्था परिवर्तन के लिए आरएलपी तैयार है। वल्लभनगर की जो भी समस्या है, उनको हल करवाने हर दम संघर्ष करेंगे। समारोह में आरएलपी के प्रदेश अध्यक्ष व भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग, मेड़ता विधायक इंदिरा देवी बावरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।
बेनीवाल ने 2023 के प्रत्याशी की भी व्यवस्था कर ली !
उदयलाल डांगी को आरएलपी का प्रदेश महामंत्री बनाकर बेनीवाल ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से यह संकेत दे दिए है, कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी वल्लभनगर में भी चुनाव लडेगी और उदयलाल डांगी को फिर से मैदान में उतारा जा सकता है। इस स्थिति में अगले विधानसभा चुनाव में भी वल्लभनगर में भाजपा की मुश्किलें बढ़नी तय है। क्योंकि हाल ही में हुए उप चुनाव में डांगी ने न केवल भाजपा की गणित बिगाड़ दी, बल्कि भाजपा प्रत्याशी की जमानत ही जब्त करवा दी। डांगी भले ही चुनाव नहीं जीत पाए, लेकिन उन्होंने भाजपा के नेताओं को यह मैसेज दे डाला कि किसमे कितना है दम।
बेनीवाल की डांगी समाज के वोट बैंक पर भी नजर!
बेनीवाल इसलिए भी उदयलाल को मजबूती से पकड़े रखना चाहते है कि उन्होंने उप चुनाव में उदयलाल डांगी की राजनेतिक ताकत देख ली। मेवाड़ में डांगी समाज का बड़ा वोट बैंक है और उदयलाल सक्रिय नेता भी है। ऐसे में उनको आरएलपी में सक्रिय कर आगे बढ़ाने से मेवाड़ में कहीं न कहीं डांगी समाज के वोट बैंक में सेंध मारी जा सकती है।


