उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीट के लिये हो रहे उप चुनाव में शनिवार सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान में मतदाताओं का मिला जुला उत्साह नजर आने लगा हैं।
वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में पहले एक घण्टे में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की चहल पहल कम रही, लेकिन जैसे जैसे दिन निकलता गया और धूप तेज होती रही वैसे वैसे मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बढ़ना शुरू हो गई। धरियावद में भी सुबह के समय मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की चहल पहल कम नजर आयी।
जिला निर्वाचन कार्यालय अनुसार वल्लभनगर में सुबह 8 बजे तक 1.35 प्रतिशत मतदान हुआ जो 9 बजे 11.2 प्रतिशत, 10 बजे बढ़कर 15.42 प्रतिशत और 11 बजे 23.3 प्रतिशत पर पहुँच गया। दोपहर बाद इसमें और तेजी आने की उम्मीद नजर आ रहीं हैं। धरियावद में सुबह 11 बजे तक 27.13 प्रतिशत मतदान हुआ।

वल्लभनगर उप चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के साथ ही जनता सेना के नेता रणधीर सिंह भींडर की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई हैं। हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी और पार्टी के प्रत्याशी उदयलाल डांगी की राजनीतिक ताकत की तस्वीर का भी इस उप चुनाव में पता चल जाएगा।
मॉक पोल के दौरान कुछ जगह खराब हुई मशीनें :
सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले सभी मतदान केंद्रों पर मॉक पोल हुआ। इसमें 4 बूथों पर वीवीपीएटी मशीन और दो बूथों पर ईवीएम (कंट्रोल यूनिट और बैलेट यूनिट) तकनीकी खराबी की वजह से बदलनी पड़ी।


