इतनी ही चिंता थी तो गौतम मीणा के बेटे कन्हैया को टिकट दे देते।
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मेवाड़ की वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा (धरियावद) और प्रीति शक्तावत (वल्लभनगर) के समर्थन में सभाएं करने सीएम अशोक गहलोत मंगलवार को मेवाड़ दौरे पर आए। लसाडिय़ा में नगराज मीणा के समर्थन में सभा को संबोधित करने से पहले गहलोत यहां भाजपा के दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा को पुष्पांजलि देने उनके घर पहुंचे। गहलोत ने यहां गौतम मीणा के बेटे कन्हैयालाल मीणा और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद गहलोत ने लसाडिय़ा में सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि अभी-अभी मेरी जानकारी में आया है, कि मैं गौतम मीणा के घर बैठने गया और बीजेपी के नेताओं को पता लगा तो उससे भी उनको तकलीफ हो गई।

सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि यह तो हमारे संस्कार सदियों से है कि किसी की मृत्यु हो जाती है, तो उसमें यह नहीं देखा जाता है कि यह व्यक्ति बीजेपी का है, कांग्रेस का है, सीपीआई का है या फिर सीपीएम का, न उसमें जाति या धर्म को देखा जाता। मानवता कहती है कि ऐसे वक्त संवेदना व्यक्त करने जाना चाहिए।
गहलोत ने कहा कि इन लोगों को गौतम भाई की इतनी ही चिंता थी तो उनके बेटे को टिकट दे देते। इसके लिए किसने मना किया। हमने तो रोका नहीं।
नगराज मीणा के सामने कन्हैया प्रत्याशी होते तो भी मैं गौतम मीणा के घर जाता

सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि बीजेपी वाले अगर गौतम भाई के लड़के कन्हैया को टिकट देते और आज मैं यहां आपके बीच आता, तब भी मैं गौतम जी के घर जाता। हमारे नगराज मीणा के सामने आज कन्हैया मीणा प्रत्याशी होते तो भी हम संवेदना व्यक्त करने उनके घर जाते। गहलोत ने कहा कि बीजेपी वालो को यह लगता हैं कि मेरे उनके घर जाने से धरियावद के सभी वोट हमारी पेटी में ही पड़ जाएंगे। जबकि वोट तो जनता अंतर्रमन से देती हैं।
गहलोत ने लसाडिय़ा के बाद झल्लारा और मुंगाणा में सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे कुराबड़ मेंं सभा को संबोधित करेंगे। शाम 5.30 बजे उनको कुराबड़ से जयपुर जाना प्रस्तावित हैं।



