प्रदेश भर में उपखण्ड स्तर पर होंगे प्रदर्शन। भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर जारी किया।
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। विधानसभा उप चुनाव के ठीक बाद भाजपा विभिन्न मुद्दों पर गहलोत सरकार को घेरने के लिए सड़को पर उतरेगी। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक में यह तय किया गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने बताया कि आगामी दिसंबर तक गहलोत सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिला अपराध, रोजगार, संविदाकर्मियों को स्थायी करने, किसान और बिजली से जुड़े मुद्दों पर यह आंदोलन होगा।
28 अक्टूबर को प्रदेशभर के सभी उपखंड मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन से गहलोत सरकार के खिलाफ आंदोलन की शुरुआत होगी। 25 नवम्बर से 30 नवंबर तक जिला स्तर पर और 15 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन होगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांता मेघवाल, प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा भी मौजूद थे।
गहलोत सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर किया जारी
प्रदेश भाजपा ने वल्लभनगर और धरियावद में हो रहे उपचुनाव को लेकर रविवार को गहलोत सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर भी जारी किया हैं।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने बताया कि ब्लैक पेपर में गहलोत सरकार की तीन साल की विफलताओं को बताया हैं। कानून व्यवस्था, बिजली की दरें बढ़ाने, किसानों से किये गए वादे पूरे नहीं होने जैसे कई बड़े विषय को ब्लैक पेपर में शामिल किया गया हैं।


