धरियावद सीट को लेकर भाजपा की चिंता कुछ कम हुई
उदयपुर(ARLive news)। मेवाड़ में हो रहे उप चुनाव में बगावत के राजनीतिक चक्रवात से जूझ रही भाजपा को रविवार को बड़ी सफलता मिल गई। धरियावद में निर्दलीय फार्म भरने वाले कन्हैयाल लाल मीणा भाजपा के पक्ष में नामांकन वापस लेने तैयार हो गए है। उनको भाजपा का प्रदेश मंत्री भी बना दिया गया है।
भाजपा के दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के बेटे एवं धरियावद के पूर्व प्रधान कन्हैया लाल मीणा के बागी होकर चुनाव लड़ने पर भाजपा को बड़ा नुकसान होने की पूरी आशंका थी। ऐसे में प्रदेश और स्थानीय भाजपा नेता लगातार डैमेज कंट्रोल में लगे हुए थे और आखिरकार मीणा को मनाने में सफलता मिल ही गई।
भाजपा के देहात जिला अध्यक्ष भंवर सिंह पंवार ने बताया कि कन्हैया लाल मीणा के निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे। कन्हैया लाल मीणा को भाजपा का प्रदेश मंत्री भी बना दिया हैं। धरियावद में भाजपा ने खेत सिंह मीणा को प्रत्याशी बनाया है।
निर्दलीय लड़ता तो कार्यकर्ता और पार्टी का अहित होता : मीणा
कन्हैया लाल मीणा ने एआर लाइव न्यूज से बातचीत में कहा कि कार्यकर्ताओ के साथ बैठक कर चर्चा की उसमें निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ने की आम राय बनी। सोमवार सुबह वे अपना नामांकन वापस ले लेंगे। मीणा ने बताया कि वे निर्दलीय चुनाव लड़ते तो कार्यकर्ता का भी अहित होता और पार्टी का भी अहित होता। इसको देखते हुए उन्होंने निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ना तय किया है।
वल्लभनगर में भाजपा की बढ़ी हुई चिंता
वल्लभनगर में उदयलाल डांगी के भाजपा से बागी होकर आरएलपी से चुनाव लड़ने से भाजपा की नींद उड़ी हुई हैं। यहां भाजपा ने हिम्मत सिंह झाला को टिकट दिया है।