नई दिल्ली,(ARLive news)। प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन की साल 2021 के 100 प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम भी शामिल है। टाइम मैगजीन ने इस साल के दुनिया के सबसे ज्यादा प्रभावशाली लोगों में भारत के दो अहम लोग पीएम मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शामिल किया है।
पीएम नरेन्द्र मोदी के अलावा ममता बनर्जी का इस सूचि में आना देश में राजनीति के नए चेहरे की शुरूआत भी हो सकती है। बीते महीनों में जिस तरह से ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी को हराकर अपना परचम लहराया है, इसे देखकर राजनीतिक गलियारों में ममता बनर्जी के पीएम नरेन्द्र मोदी के विकल्प के तौर पर विपक्ष का चेहरा होने की चर्चाएं भी शुरू हो चुकी हैं।
लिस्ट में 6 कैटिगरी
टाइम मैगजीन ने इसी बुधवार को 2021 के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची जारी की थी। इस 100 की सूचि में कोवीशील्ड वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला भी शामिल है। यहां तक कि तालिबान के सहसंस्थापक और अफगानिस्तान के डिप्टी सीएम मुल्ला अब्दुल गनी बरादर का भी नाम शामिल है।
टाइम की ये लिस्ट 6 कैटिगरी में बांटी गई है। इनमें पायनियर, आर्टिस्ट, लीडर, आइकॉन, टाइटन और इनोवेटर को शामिल किया है। नेताओं की लिस्ट में मोदी और ममता के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, इजराइल के राष्ट्रपति नफ्ताली बेनेट, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि टाइम मैगजीन ने गत वर्ष भी दुनिया के सबसे प्रभावशाली 100 लोगों की सूचि में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शामिल किया था।


