काबुल,(ARLive news)। अफगानिस्तान पर तालिबान का पूरी तरह से कब्जा हो चुका है। अफगान के हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं। काबुल पर बढ़ते खतरे के बीच अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, काबुल एयरपोर्ट पर अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा के बीच भारतीय वायुसेना का C-17 विमान मंगलवार सुबह काबुल से दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है। इस विमान में 120 से ज्यादा लोग सवार हैं, जिसमें कुछ आईटीबीपी के जवान और मीडिया कर्मी भी शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय राजदूत आर. टंडन समेत अन्य कर्मचारियों को काबुल से वापस लाया जा रहा है। इनके अलावा वहां तैनात सुरक्षाकर्मी और बाकी बचे लोगों को भी जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाएगा।
अफगानिस्तान में फंसे 500 से अधिक भारतीय
काबुल में भारत के करीब पांच सौ से अधिक लोग फंसे हुए हैं। भारत सरकार द्वारा वायुसेना के C-19 एयरक्राफ्ट के जरिए लोगों को निकाला जा रहा है। सोमवार को करीब 46 लोग वापस आए हैं। वहीं, भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भी इस मसले को उठाया है और दुनिया को अफगानिस्तान पर गौर करने को कहा है।
विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान से भारतीय नागरिकों को लाने के लिए स्पेशल सेल भी गठित किया है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। वहीं गृह मंत्रालय ने अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए भारत आने की इच्छा रखने वाले अफगान नागरिकों की अर्जियों पर जल्द फैसलों के लिए वीजा की नई श्रेणी की घोषणा की। अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता पर कब्जा जमाने के दो दिन बाद यह घोषणा की गई है।
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘गृह मंत्रालय अफगानिस्तान में मौजूदा हालात को देखते हुए वीजा प्रावधानों की समीक्षा की है। भारत में प्रवेश के लिए वीजा अर्जियों पर जल्द फैसला लेने के लिए ‘ई-आपातकालीन एवं अन्य वीजा’ की नई श्रेणी बनाई गई है।’


