उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर परसाद थाना क्षेत्र में सोमवार रात शहर से घर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गयी। दोनों मजदूरी कर शहर से ऋषभदेव लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि हादसे में ऋषभदेव के बिलख निवासी चम्पालाल मीणा (55) और इनके पुत्र मुकेश (27) की मौत हो गयी है। दोनों रात को बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे पर पारोई के पास डिवाइडर कट पर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बड़े वाहन की टक्कर से दोनों 15 फीट दूर जाकर गिरे। चम्पालाल की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं मुकेश ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पिता-पुत्र की मौत की खबर जैसे ही इनके घर पहुंची, कोहराम मच गया। दोनों पिता-पुत्र दिहाड़ी मजदूरी करते थे और बाइक से साथ में उदयपुर शहर आते-जाते थे। मुकेश की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और उसका 8 माह का एक बेटा है। दोनों पिता-पुत्र की मौत सिर में गहरी चोट आने से हुई है। संभावना जताई जा रही है कि अगर इन्होंने हेलमेट पहना होता, तो शायद सिर की गहरी चोट से बच जाते और इनकी जान बच सकती थी।


