जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान का मेवाड़ जहां अच्छी बारिश के इंतजार में बैठा है, वहीं हाड़ौती अंचल में बारिश कहर बरपा रही है। चंबल नदी, कालीसिंध और पार्वती नदी उफान पर है। बारां में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ के हालात हो गए हैं। वहीं सवाईमाधोपुर के देवगढ़ में 24 घंटों में 15 इंच (380 mm) से अधिक बारिश हो चुकी है। जयपुर, करौली, टोंक, भीलवाड़ा, कोटा, सवाईमाधोपुर, बूंदी और बारां में तेज बारिश हो रही है।
चंबल नदी खतरे के निशान से 7 मीटर ऊपर बह रही है। नदी के स्तर में 1 मीटर का इजाफा और हुआ तो धौलपुर के करीब 50 गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन जाएंगे। इसे देखकर डूब क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। धोलपुर में स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट पर हैं।
बारिश के कहर का शिकार टोंक में पिता-पुत्र हो गए। टोंक के बरौनी थाना क्षेत्र में महिला का शव लेकर उसका पति और बेटा एंबुलेंस से जा रहे थे। तभी गांव में अंडरपास की रपट पर एंबुलेंस पानी के तेज बहाव में बह गयी। इससे एंबुलेंस के अंदर महिला के शव के साथ मौजूद उसके पति और बेटे की भी डूबने से मौत हो गयी। वहीं एंबुलेंस चालक और उसके साथी ने बमुश्किल अपनी जान बचाई।



