श्रीनगर,(ARLive news)। जम्मू और कश्मीर में भारतीय सुरक्षाबलों के ऑपरेशन से आतंकवादी बौखलाए हुए हैं। शुक्रवार को बारामूला कस्बे में अज्ञात आंतकियों ने सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हादसे में सीआरपीएफ के दो जवान और एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। बता दें कि ड्रोन हमले की घटनाओं के बीच भारतीय सेना ने घाटी में सर्च ऑपरेशन तेज किया है जिसके चलते आतंकियों से मुठभेड़ की खबरें सामने आती रहती हैं।
जम्मू और कश्मीर पुलिस ने हमले की जानकारी देते हुए कहा कि बारामूला कस्बे में ग्रेनेड हमले में सीआरपीएफ के दो जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। गौरतलब है कि 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के दो साल पूरे हो रहे हैं, ऐसे में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन घाटी और देश के अन्य हिस्सों में धमाके करने की फिराक में हैं। भारती खूफिया एजेंसी ने इस संबंध में सुरक्षाबलों को अलर्ट जारी किया है।
बारामूला आतंकी हमले में घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पातल में भर्ती कराया गया है। साथ ही हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। सीआरपीएफ और पुलिस की टुकड़ी पर यह हमला खानपोरा ब्रिज पर हुआ। ग्रेनेड फेंकने वाले आंतकियों की पहचान नहीं की जा सकी है, हमला करने के तुरंत बाद वो फरार हो गए। हमलावरों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।


