जयपुर,(ARLive news)। देश के बड़े मीडिया समूह में शामिल दैनिक भास्कर ग्रुप पर गुरूवार को आयकर टीम ने छापे मारे। दैनिक भास्कर के मुख्यालय इंदौर, भोपाल, भास्कर के कोरपोरेट ऑफिस नोएडा सहित जयपुर, अहमदाबाद एडिशन के कार्यालय सहित भास्कर के करीब 40 ठिकानों पर रात करीब ढाई बजे आयकर टीमों ने एक साथ छापेमारी की। यह पूरा सर्च ऑपरेशन आयकर विभाग के दिल्ली मुख्यालय के निर्देश पर दिल्ली और मुंबई की टीमों द्वारा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीमें दैनिक भास्कर के देश में स्थित विभिन्न कार्यालयों से आय-व्यय के लेखा-जोखा के दस्तावेज खंगाल रही है। कार्यवाही में शामिल आयकर अधिकारियों ने देश में नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र स्थित भास्कर के कार्यालयों और परिसरों पर छापे मार, तलाशी ली है।
आयकर विभाग की इस कार्यवाही की देशभर में चर्चा बनी रही। सभी मीडिया समूहों में हड़कंप मच गया कि इतने बड़े मीडिया ग्रुप के यहां आयकर छापा पड़ गया।
कर्मचारियों से पूछताछ भी कर रहे
आयकर विभाग की टीमें दैनिक भास्कर के विभिन्न कार्यालयों में अकाउंट्स और फाइनेंस से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ भी कर रही हैं। इसके लिए भी अलग-अलग जगह टीमें तैनात हैं। आयकर विभाग ने इस कार्यवाही के लिए स्थानीय पुलिस का सहयोग लिया, ताकि मौके पर कोई विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
इधर दैनिक भास्कर ने अपनी ही वेबसाइट पर यह समाचार प्रकाशित किया है कि दैनिक भास्कर ने गंगा में लाशों से लेकर कोरोना से मौतों के सही आंकड़े देश के सामने रखे, सरकारी खामियों की असल तस्वीर रखी, इसलिए भास्कर ग्रुप पर केन्द्र सरकार ने यह कार्यवाही करवाई है।


