नई दिल्ली,(ARLive news)। संसद के मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही पेट्रोल-डीजल और अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस टीएमसी के कई सांसद साइकिल पर संसद पहुंचे।
पार्टी के लोकसभा एवं राज्यसभा सदस्यों ने सुबह सवा दस बजे प्रदर्शन किया, उन्होंने विजय चौक पर धरना दिया और इसके बाद सभी साइकिल पर संसद पहुंचे।
पार्टी ने कहा कि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने मानसून सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों में विभिन्न नियमों के तहत कई नोटिस दिए हैं। जिन मुद्दों पर नोटिस दिए गए हैं, उनमें डीजल, पेट्रोल, एलपीजी (तरल पेट्रोलियम गैस) और अन्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी, नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग, आर्थिक विकास में गिरावट, संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) निधि की बहाली और सरकार द्वारा संघीय ढांचे को कथित रूप से कमजोर करने के मुद्दे शामिल है।


