जोधपुर,(ARLive news)। शहर के पाल रोड पर स्थित भादू मार्केट में रविवार रात चोर एक होलसेल विक्रेता की दुकान से शटर तोड़कर करीब 70 लाख रुपए की सिगरेट के कार्टून मिनी ट्रक में भरकर व चार लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार ऋषभ संचेती का भादू मार्केट में अभय सेल्स एजेंसी किराणा सहित अन्य सामान के होलसेल बिक्री का कार्य है। रविवार रात चोरों ने एजेंसी के शटर को बीच में से ऊंचा कर तोड़ दिया। चोरों ने एजेंसी के अंदर रखे सिगरेट के सारे कार्टून उठा कर एक मिनी ट्रक में लोड करके वहां से आसानी से फरार हो गए। इस बीच चोरों ने एजेंसी में रखे अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
मालिक ऋषभ संचेती के अनुसार चोरों ने लगभग 65 से 70 लाख रुपए मूल्य की सिगरेट्स चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इसके अलावा चोर जाते समय चार लाख रुपए नकद भी ले गए। चोरों ने एजेंसी में 21 फरवरी को भी चोरी का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हुए थे। गौरतलब है कि इस एजेंसी के गोदाम में गत सप्ताह भीषण आग लग गई थी। जिसमें ऋषभ संचेती के अनुसार करीब ढाई करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।


