कोटा,(ARLive news)। राजस्थान के कोटा जिले में एक युवक के कोरोना वैक्सीन लगने के बाद शरीर में चुंबकीय गुण विकसित होने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। कोटा के आरके पुरम निवासी सज्जन सिंह और लता दोनों पड़ोसी हैं। सज्जन सिंह ने दावा किया है कि कोरोना वैक्सीन लगने के बाद उनके शरीर में चुम्बकीय गुण विकसित हो गए हैं और सिक्के, कैंची, गाड़ी की चाबी जैसी लोहे की चीजें उनके शरीर से चिपक रही हैं।
अब इनके दावों में क्या सच्चाई है और इनके शरीर से लोहे के सामान के चिपकने के पीछे क्या कारण है, इसका खुलासा मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगा। हालां कि अभी तक कोटा की कोई मेडिकल टीम जांच के लिए इनके पास नहीं पहुंची है।
लोहे के दरवाजे या ग्रिल के पास खड़ा होता हूं तो त्वचा में खिंचाव होता है
सज्जन सिंह ने बताया कि 24 मई को उन्होंने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई थी। अगले ही दिन उनकी तबियत खराब हुई और बेहोश होकर गिर गए। डाॅक्टर को दिखाया तो रीढ़ की हड्डी में प्राब्लम बताई गयी, जिसकी दवाई चल रही है। लेकिन पिछले 3-4 दिनों में उन्होंने किसी भी लोहे के दरवाजे, ग्रिल या अन्य किसी लोहे के सामान के संपर्क में आने पर त्वचा में खिंचाव महसूस किया। एक-दो बार उन्होंने इसे इग्नोर किया। लेकिन जब यह ज्यादा होने लगा तो उन्होंने अपने हाथ पर सिक्का लगाकर देखा तो सिक्का हाथ से ऐसे चिपक गया मानो हाथ में चुंबक हो। फिर उन्होंने लोहे के अन्य सामान कैंची, गाड़ी की चाबी भी हाथ पर लगायी तो वह भी चिपक गयी।
इस बारे में जब क्षेत्र में चर्चा की तो पता चला कि ऐसा ही उनकी पड़ोसी लता के साथ भी हुआ है। उनके शरीर से भी लोहे का सामान चिपक रहा है, हालां कि लता ने तो दो माह पहले वैक्सीन की पहली डोज ली थी।
घुटने के नीचे काफी दर्द रहता है, महिला बहुत कमजोर हो गयी हैं
युवक सज्जन सिंह ने बताया कि जब से उनके शरीर से लोहे का सामान चिपकने लगा है, तब से उनके घुटने के नीचे पैरों में काफी दर्द रहता है और हाथ में जलन महसूस होती है। वहीं पड़ोसी महिला लता वैक्सीन लगने के बाद बेहद कमजोर हो गयी हैं, वे अच्छे से खा-पी भी नहीं पाती हैं। युवक ने बताया कि उसने निजी हाॅस्पिटल के डाॅक्टर को दिखाया है, कुछ टेस्ट करवाएं हैं।
नासिक में भी आया ऐसा ही केस
गौरतलब है कि दो दिन पहले महाराष्ट्र के नासिक में भी ऐसा ही मामला सामन आया था। नासिक निवासी अरविंद सोनार ने दावा किया था कि कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज उन्होंने पिछले दिनों ही ली है। इस डोज को लेने के बाद उनके शरीर में चुंबकीय गुण उत्पन्न हो गए हैं। उन्होंने दावा किया था कि उनके शरीर से चम्मच, स्पैटुला, सिक्के आदि सामान चिपक रहे हैं।


