जयपुर,(ARLive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर जिले की कुराबड़ और नयागांव उप तहसीलों को नवीन तहसीलों के रूप में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री गहलोत के इस निर्णय से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व कार्यों में आसानी होगी। नवीन तहसील कुराबड़ में 6 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 24 पटवार मण्डल एवं 107 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। इसी प्रकार, नयागांव तहसील में 5 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 18 पटवार मण्डल एवं 88 राजस्व ग्राम शामिल होंगे।
अभी तक उदयपुर में तहसील गिर्वा, बड़गांव, गोगुंदा, वल्लभनगर, मावली, लसाड़िया, सलूंबर, सराड़ा, सेमारी, खेरवाड़ा, ऋषभदेव, झाड़ोल, कोटड़ा, भींडर और कानोड़ कुल 15 तहसील थीं। अब कुराबड़ और नयागांव दो नई तहसील जुड़ने से उदयपुर में कुल 17 तहसील हो गयी हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट सत्र के दौरान प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश में विभिन्न नए तहसील कार्यालय खोलने, उप तहसीलों के क्रमोन्नयन एवं नए उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणाएं की थीं। इन घोषणाओं के क्रम में मुख्यमंत्री ने उदयपुर जिले की कुराबड़ और नयागांव उप तहसीलों को नवीन तहसीलों के रूप में क्रमोन्नत करने की स्वीकृति दी है।


