उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में आज मंगलवार को 1002 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। राज्य के 51671 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिसमें 1002 संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में आज 65 संक्रमितों की मौत हुई है। खासबात है कि राज्य के 1002 संक्रमितों में करीब 24 प्रतिशत संक्रमित जयपुर, 10 प्रतिशत संक्रमित उदयपुर और 10 प्रतिशत अलवर में आए हैं। मतलब राज्य के 33 जिलों में आज आए कुल संक्रमितों के 45 प्रतिशत संक्रमित सिर्फ 3 जिलों में हैं। वहीं राज्य में हुई 65 मौतों में 12 जयपुर और 11 उदयपुर में संक्रमितों ने दम तोड़ा है।
राज्य के सर्वाधिक संक्रमितों में आज जयपुर में 233, अलवर में 111 और उदयपुर में 107 संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात है कि राज्य के सिरोही जिले में आज एक भी संक्रमित नहीं मिला है, वहीं जालोर में सबसे कम 63 एक्टिव केस हैं।
उदयपुर में 2106 एक्टिव केस
उदयपुर में आज मंगलवार को 2646 लोगों की कोरोना जांच में 107 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसमें 66 शहरी क्षेत्र और 41 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। उदयपुर में एक्टिव केस 2106 हैं। दुखद है कि उदयपुर में आज 11 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।



