उदयपुर,(ARLive news)। कोरोना की दूसरी लहर ने देश में लाखों लोगों का रोजगार भी छीन लिया है। सेंटर फाॅर माॅनीटरिंग इंडियन इकोनाॅमी (CMIE) की रिपोर्ट के अनुसार कोरोना की दूसरी लहर में देश के 1 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं, इसके अलावा 97% घरों की आय में गिरावट आयी है।
CMIE के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश व्यास ने बताया कि मई के अंत तक अनुमानित बेरोजगारी दर 12% रहने की संभावना है, जबकि अप्रैल में बेरोजगारी दर 8% थी। इसके अनुसार इस अवधि में लगभग 10 मिलियन 1 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं और उन्होंने अपनी नौकरी खो दी।
सीईओ महेश व्यास ने कहा नौकरी छूटने का मुख्य कारण कोरोना संक्रमणों की दूसरी लहर है। जैसे ही अर्थव्यवस्था खुलती है, रोजगार के थोड़े-बहुत अवसर मिलने शुरू होंगे, लेकिन इससे बेरोजगारों की समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो सकेगा। उन्होंने बताया कि एक बार नौकरी खोने वाले लोगों को दोबारा नौकरी मिलना काफी मुश्किल होता है। गत वर्ष कोरोना की पहली लहर के कारण हुई राष्ट्रीय तालाबंदी के कारण मई 2020 में बेरोजगारी दर 23.5% के रिकॉर्ड उच्च स्तर को छू गई थी।


