जयपुर,(ARLive news)। जिले में कोटपुतली में भाबरू गांव के पास दिल्ली हाइवे पर गुरुवार को 20 हजार लीटर दूध से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से सैकड़ों लीटर दूध सङक पर बहने लगा, मानो टैंकर से दूध का झरना चल रहा हो। सड़क पर दूध बहता देख ग्रामीणों में होड़ मच गई, और वे घरों से बर्तन लाकर उनमें भर-भरकर दूध ले गए। हालांकि हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक दूध से भरा टैंकर भीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का था। यह टैंकर भीलवाड़ा से दिल्ली में किसी दूध प्लांट पर जा रहा था। टैंकर कोटपुतली के भाबरू गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। सूचना मिलने पर शाहपुरा पुलिस और हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

हादसे में ड्राइवर और खलासी सुरक्षित टैंकर से उतरकर थोड़ी दूर जाकर खड़े हो गए। लेकिन टैंकर के पलटने से टैंक के ढक्कनों पर लगी सील टूट गई। इससे ढक्कने खुलने पर दूध सड़क पर बहने लगा। इस दौरान ग्रामीणों ने बर्तनों में दूध भरकर घर तक ले जाना शुरू कर दिया। मौके पर जमा भीड़ ने टैंकर को सीधा करने का प्रयास किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को खड़ा करवाया।


