नई दिल्ली,(ARLive news)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बताया कि अमेरिकी फार्मास्युटिकल कंपनी फाइजर और माॅडर्ना ने अपने कोविड-19 के टीके सीधे राज्य सरकार को बेचने से इनकार कर दिया था। कंपनियों से स्पष्ट किया है कि वे सीधे केंद्र सरकार से ही डील करेंगी।
केजरीवाल ने बताया कि हमने टीकों के लिए फाइजर और मॉडर्न से बात की है। दोनों निर्माताओं ने हमें सीधे टीके बेचने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वे केंद्र सरकार से डील करेंगे। हम केंद्र से टीके आयात करने और राज्यों को वितरित करने की अपील करते हैं।
एक दिन पहले पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी इसकी जानकारी दी थी और बताया था कि मॉडर्ना ने पंजाब को अपने टीके बेचने से इनकार कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार अमरिंदर सिंह सरकार ने वैक्सीन की सीधी खरीद के लिए कोविड-19 वैक्सीन निर्माताओं से संपर्क किया है।
कोरोना वैक्सीन की कमी से जूझ रहे हैं राज्य
गौरतलब है कि सभी राज्य टीकों की कमी से जूझ रहे हैं। इसलिए कई राज्य सरकारें पहले ही अंतरराष्ट्रीय वैक्सीन निर्माताओं से सीधे संपर्क कर चुकी हैं। वैक्सीन की कमी के कारण दिल्ली में शनिवार को 18 से 44 आयु वर्ग के लिए वैक्सीन रोलआउट रोक दिया गया था।
केजरीवाल ने पहले ही 22 मई शनिवार को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली मेें वैक्सीन की कमी के बारे में सूचित किया था। उन्होंने कहा कि हर महीने दिल्ली को 80 लाख डोज की आवश्यकता होती है, लेकिन उसे मई में केवल 16 लाख डोज मिली थी।


