नई दिल्ली,(ARLive news)। 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के लोगों में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए ऑनलाइन बुकिंग की अनिवार्यता को केन्द्र सरकार ने समाप्त कर दिया है। नए नियम के अनुसार इस आयुवर्ग के लोग भी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे और हाथों-हाथ अपाॅइंटमेंट ले सकेंगे।
हालां कि केन्द्र ने यह व्यवस्था लागू करने और नहीं करने का फैसला राज्य सरकारों पर छोड़ा है। जो राज्य इसे लागू करेंगे उनके यहां यह सुविधा सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर दी जाएगी। ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक राज्य सरकार या जिला प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट निर्णय नहीं होता, लोग बिना अपाॅइंटमेंट वैक्सीनेशन सेंटर नहीं पहुंचे।
केन्द्र सरकार को फीडबैक मिल रहा था कि ऑनलाइन बुकिंग की अनिवार्यता से वैक्सीन डोज खराब हो रही है। कई लोग बुकिंग कराने के बावजूद सेंटर पर वैक्सीनेशन के लिए नहीं पहुंच रहे हैं, तो उनके हिस्से की डोज खराब हो रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीणों को ऑनलाइन बुकिंग करवाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस सभी स्थितियों को देखते हुए केन्द्र सरकार ने नया नोटिफिकेशन जारी किया है और इसमें ऑन-साइट मतलब वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू करने को कहा है।
हेल्थ मिनिस्ट्री के अनुसार वैक्सीनेशन अभियान के तीसरे चरण में 1 मई से देश में अब तक एक करोड़ 6 लाख 21 हजार 235 डोज 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों को दी जा चुकी हैं। इस आयुवर्ग के लिए वैक्सीनेशन ड्राइव 1 मई से ही शुरू हुआ था।


