सेवानिवृत आईपीएस निसार अहमद की बेटी हैं टेक्सटाइल डिजायनर चिनार फारूकी
उदयपुर,(ARLive news)। कोरोना काल में उदयपुर जिले के जनप्रतिनिधि जहां मदद के नाम पर खुद को असहाय बताकर पीएम को पत्र लिखकर जिम्मेदारी से इतिश्री कर रहे हैं, इसी बीच उदयपुर की एक बेटी चिनार फारूकी ने अंबामाता सेटेलाइट हाॅस्पिटल में 15 लाख रूपए डोनेट किए हैं। यह राशि अंबामाता सेटेलाइट हाॅस्पिटल के 90 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई लाइन डालने के लिए खर्च होगी, ताकि कोरोना महामारी की इस विकट परिस्थिति में कोविड संक्रमित को बेड के लिए भटकना नहीं पड़े।
चिनार फारूकी सेवानिवृत आईपीएस निसार अहमद की बेटी हैं और टेक्सटाइल डिजाइनर हैं। चिनार ने बताया कि 7-8 महीने पहले उनके दादा जी की मृत्यु हो गयी थी। दादा जी हमेशा लोगों की मदद के लिए डोनेट करते थे। उनकी मृत्यु के उपरांत पिता निसार अहमद भी जरूरतमंदों की मदद के लिए डोनेशन करते रहते हैं। पिछले दिनों कोरोना के चलते हर जगह ऑक्सीजन बेड की कमी से लोगों को जूझते और मरते देखा तो लगा कि आज सबसे ज्यादा जरूरत ऑक्सीजन बेड की है।
अभी सिर्फ 8 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई, अब काम पूरा होने के बाद 90 बेड पर हो सकेगी
चिनार ने बताया कि हमने अंबामाता सेटेलाइट हाॅस्पिटल में पता किया, वहां डाॅक्टर राहुल जैन से जानकारी मिली कि वहां अभी सिर्फ 8 बेड पर ही ऑक्सीजन सप्लाई की लाइन है। जबकि वहां 90 बेड हैं। इन सभी बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई लाइन डालने के लिए करीब 15 लाख रूपए की जरूरत होगी। इस पर मैंने पापा निसार अहमद की मदद ली और 15 लाख रूपए अंबामाता हाॅस्पिटल के लिए डोनेट कर दिए।
अंबामाता सेटेलाइट हाॅस्पिटल प्रभारी डाॅक्टर राहुल जैन ने बताया कि चिनार फारूकी ने 15 लाख रूपए हाॅस्पिटल में ऑक्सीजन सप्लाई लाइन डालने के लिए डोनेट किए हैं। राशि प्राप्त होने के बाद इसका काम भी शुरू हो गया है और जल्द ही यहां 90 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई लाइन बन जाएगी। अभी सिर्फ 8 बेड पर ही ऑक्सीजन सप्लाई कर पाते हैं। राहुल जैन ने बताया यहां सिक्योर मीटर की मदद से ऑक्सीजन प्लांट तो लग गया था, अब चिनार फारूकी की मदद से बेड तक ऑक्सीजन सप्लाई लाइन भी हो जाएगी, इससे मरीजों को ऑक्सीजन बेड के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और उनका समय पर उपचार शुरू हो सकेगा।


