उदयपुर,(ARLive news)। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ताऊते के मंगलवार देर रात उदयपुर आते-आते तेवर कम पड़ गए। रातभर में उदयपुर सिटी में करीब ढाई इंच (63 एमएम) बारिश दर्ज की गयी। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से झील-तालाब एकाएक लबालव हो गए और सुबह तक मौसम काफी खुशगवार हो गया। देर रात तूफान उदयपुर, राजसमंद होता हुआ अजमेर और जयपुर की ओर बढ़ गया।
लगातार बारिश के बाद स्वरूप सागर के दो गेट दो फीट तक खोल दिए गए, वहीं सिसारमा नदी बारिश के दौरान 9 फीट तक चली और आज दोपहर तक पानी कम पड़ने पर 7 फीट तक चली। फतहसागर भी 8 फीट तक पहुंच गया। आयड़ नदी भी तेजी से चल पड़ी।
यूं मुस्कुराई सिसारमा
आज भी पूरे दिन छाए रहेंगे बादल, रिमझिम बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज बुधवार को भी उदयपुर सहित राजस्थान के कुछ जिलों में कहीं-कहीं रिमझिम बारिश होती रही। पूरे दिन घने बादल छाए रहे, इससे तापमान गिरा और लोगों ने ठंडक का एहसास किया।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस सिस्टम का असर आज पूरे दिन उदयपुरए, जोधपुर संभाग के अलावा जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा। इसके चलते उदयपुर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, जालौर, जयपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, अलवर, सीकर समेत अन्य जिलों में पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होगी।


