जयपुर,(ARLive news)। प्रतापगढ़ जिले के धरियावद विधानसभा सीट से विधायक गौतम लाल मीणा का आज बुधवार सुबह कोरोना से निधन हो गया है। भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा को कोरोना की चपेट में आने के बाद 16 मई को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था और वे वेंटीलेटर पर थे। आज सुबह अचानक उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ी और करीब 9 बजे उनका निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार गौतम लाल मीणा को पिछले दिनों कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद उदयपुर के एमबी अस्पताल की सुपर स्पेशलिटी विंग में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। मंगलवार रात मीणा की तबीयत में सुधार हुआ था। लेकिन बुधवार सुबह उनकी दिल की धड़कन अनियंत्रित हो गई। इसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
गौतम लाल मीणा के निधन के बाद प्रदेश भाजपा में शोक की लहर छा गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित भाजपा के नेताओं और जनता सेना संस्थापक रणधीर सिंह भींडर ने शोक व्यक्त किया है और अपूर्णीय क्षति बताया है।
राजस्थान में अब तक चार विधायकों की कोरोना से मौत
कोरोना के कारण राजस्थान के 4 विधायकों का निधन हो चुका है। गौतम लाल मीणा से पहले विधायक किरण माहेश्वरी, विधायक कैलाश त्रिवेदी और गजेंद्र सिंह शक्तावत का निधन कोरोना संक्रमण के कारण हुआ।


