जयपुर,(ARLive news)। दक्षिण पूर्व अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान ताऊते साइक्लोन (अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान की श्रेणी से कमजोर होकर चक्रवात (साइक्लोन) श्रेणी में आ चुका है। ताऊते पिछले 6 घंटों में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पूर्व (NNE) की ओर आगे बढ़ा है। वर्तमान में इसका केन्द्र गुजरात का अमरोली जिला के आस-पास है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार ताऊते के 19 मई बुधवार सुबह दक्षिण पश्चिम राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है।
मौसम केन्द्र जयपुर प्रमुख राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिणी राजस्थान के जोधपुर और उदयपुर संभाग के जिलों में 18 मई शाम से 19 मई सुबह तक हवा की रफ्तार 45 से 55 किमी प्रति घंटा और अधिकतम 65 किमी प्रति घंटा तक होने की संभावना है।
राज्य में पूरे दिन मेघ गर्जन के साथ रिमझिम बारिश हुई

ताऊते का असर सोमवार रात से मंगलवार पूरे दिन राजस्थान में दिखाई दिया। पूरे राज्य में बादल छाए हुए हैं। उदयपुर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में पूरे दिन तेज हवाओं के साथ रूक-रूक कर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। डूंगरपुर, बांसवाड़ा में भारी बारिश होने की चेतावनी का देखते हुए प्रशासन ने ग्रामीणों से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। उदयपुर संभाग सहित अन्य सभी जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला प्रशासन ने बिजली गुल होने की आशंका को देखते हुए सभी अस्पतालों में जेनरेटर और ऑक्सीजन का बैकअप तैयार किया है।
मुख्यमंत्री पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इधर गृह मंत्री अमित शाह ने भी राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात कर स्थिति की जानकारी ली और हर तरह की मदद का आश्वासन दिया।
19 मई को भी उदयपुर, डूंगरपुर, पाली, जालोर, सिरोही में मौसम खराब रहेगा

मौसम केन्द्र जयपुर प्रमुख राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूरे दिन बारिश का दौर जारी रहने के साथ ही आज शाम को उदयपुर, डूंगरपुर, पाली, जालोर, सिरोही में बादलों की गर्जन और बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है और भारी बारिश हो सकती है। वहीं जोधपुर, कोटा और अजमेर में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। 19 मई को कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है।
तापमान में आयी गिरावट
मौसम में हुए बदलाव के चलते राज्य के सभी जिलों में तापमान में काफी गिरावट आयी है। भीलवाड़ा, टोंक, बूंदी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, पाली और जयपुर में न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।


