जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में लाॅकडाउन की पाबंदियों के बावजूद कोरोना संक्रमितों के आंकड़े घटने के बजाए दिन-ब-दिन बढ़ रहे हैं। ऐसे में अब कोरोना के आंकड़े कम करने के लिए टेस्ट ही कम कर दिए गए हैं। राजस्थान में आज शनिवार को 13565 संक्रमितों की पुष्टि हुई है, लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि ये संक्रमित 50205 लोगों के टेस्ट में पाए गए हैं।
शनिवार को बीते दिनों की तुलना में करीब 17000 से 20000 टेस्ट कम किए गए हैं। जैसे-जैसे टेस्ट कम हो रहे हैं, तो संक्रमितों की संख्या भी घटती दिख रही है। लेकिन कम संख्या में कोरोना टेस्ट करना राज्य के लिए ज्यादा घातक साबित हो सकता है।
राजस्थान में सर्वाधिक जयपुर में 11357 टेस्ट में 2605 और उदयपुर में 3682 कोरोना टेस्ट में 957 लोग कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। राज्य में आज 149 संक्रमितो की मौत हुई है। इसमें सर्वाधिक जयपुर में 41, उदयपुर में 12, जोधपुर में 11, बीकानेर में 11, अलवर में 10 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।
राजस्थान में इस तरह घटते टेस्ट के साथ संक्रमितों की घटती संख्या
- 13 मई: 72470 टेस्ट: 15867 संक्रमित
- 14 मई: 67789 टेस्ट: 14289 संक्रमित
- 15 मई: 50205 टेस्ट: 13565 संक्रमित
उदयपुर में अब तक 50507 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं
उदयपुर जिले में आज 3682 कोरोना टेस्ट में 957 संक्रमित मिले हैं, इस अनुसार संक्रमण दर करीब 25 प्रतिषत है। हालां कि ग्रामीण क्षेत्र में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। 957 संक्रमितों में 545 शहरी क्षेत्र और 412 ग्रामीण क्षेत्र से संक्रमित हैं। आज उदयपुर में 708 संक्रमित ठीक होकर डिस्चार्ज भी हुए हैं, वहीं 12 संक्रमितों की मौत हुई है। उदयपुर में एक्टिव केस 11833 हो गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार उदयपुर में अब तक 50507 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।



