यरुशलम,(ARLive news)। इजरायल और इस्लामिक हमास के बीच हिंसक तनाव लगातार जारी है। इस हिंसा को समाप्त करने के लिए दोनों पक्षों की ओर से किसी भी संघर्ष विराम का कोई संकेत नहीं है। इजराइल और हमास (इजराइल इसे आतंकी संगठन मानता है) के बीच जारी जंग में अब तक 122 फिलिस्तीनी लोग मारे जा चुके हैं, इनमें 31 बच्चे और 20 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 9 इजराइली लोगों के मारे जाने की सूचना है। दोनों तरफ के हमलों में 950 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि IDF ने हमास के आतंकियों को मारने के लिए शुक्रवार शाम इजराइली आर्मी द्वारा गाजा पट्टी पर हमला करने की खबर मीडिया में फैलाई। इसके बाद हमास के आतंकी टनल (सुरंग) में जा छिपे, जिस पर इजराइल के 160 फाइटर प्लेन 40 मिनट तक टनल्स पर बम बरसाते रहे।
IDF ने शुक्रवार को हमास की नेवल फोर्स के ऑफिस की तरह उपयोग किए जा रहे अपार्टमेंट पर भी एयरस्ट्राइक की। इजरायली सेना ने शुक्रवार को गाजा शहर के पूर्वी इलाके में टैंकों से हमला किया, जिसमें कम से कम दो लोग मारे गए। टैंकों ने उत्तरी गाजा के बेत लाहिया शहर में हमला किया, जिसमें एक मां और उसके चार बच्चों की मौत हो गई।
हमास 2300 रॉकेट इजराइल की तरफ छोड़ चुका है
IDF ने बताया कि अब तक हमास 2300 रॉकेट इजराइल की तरफ छोड़ चुका है। शुक्रवार की रात 7 बजे से शनिवार सुबह 7 बजे तक गाजा पट्टी से 200 रॉकेट इजराइल पर छोड़े गए। हांलाकि इसमें से 100 से ज्यादा रॉकेट (जो आबादी क्षेत्र में गिरने वाले थे) को आयरन डोम ने हवा में मार गिराया। वहीं 30 रॉकेट मिसफायर होकर गाजा पर ही गिर गए। शनिवार को सीरिया की तरफ से भी 3 रॉकेट इजराइल पर छोड़े, इसमें से एक मिसफायर होकर सीरिया में ही गिर गया।
इजरायली सेना के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि जवानों ने हमास से संबंधित चौकियों पर गहन हमला किया है। 160 युद्ध जेट, तोपखाने और टैंक ने सैन्य अभियान में भाग लिया। 150 लक्ष्यों को रातोंरात और शुक्रवार की सुबह निशाना बनाया गया, जिसमें कई लक्ष्य भूमिगत थे। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना इजरायल पर रॉकेट दागने वाले आतंकवादियों पर अपने हमले जारी रखेगी।
दूसरी ओर हमास और इस्लामिक जिहाद के आतंकवादियों ने घोषणा की कि उनके आतंकवादियों ने इजरायल में रॉकेट के अधिक बैराज दागे। हमास की सशस्त्र शाखा, अल-कसम ब्रिगेड ने इजरायल के शहर अशकलोन में 100 रॉकेट लॉन्च करने की जिम्मेदारी ली। इस्लामिक जिहाद की सशस्त्र शाखा अल-कसम ब्रिगेड ने कहा कि उसके आतंकवादियों ने दक्षिणी और मध्य इजराइल के शहरों पर जबरदस्त रॉकेट हमले किए। गाजा से दागे गए रॉकेटों में कम से कम नौ इजराइली मारे गए और 200 अन्य घायल हो गए।
फिलिस्तीनी सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच शांति बनाने के लिए किये गए संपर्क अब तक विफल रहे हैं। मिस्र, कतर और संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करेंगे।


