भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयां और मेडिकल वेस्ट जब्त
उदयपुर/सेमारी,(ARLive news)। जिले के सेमारी थाना क्षेत्र के राठौड़ों के गुड़ा में नायाब तहसीलदार ने चिकित्सा विभाग और पुलिस के साथ मिलकर एक क्लीनिक को सीज किया और वहां से भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयां, इंस्ट्रूमेंट और करीब 43 किलो मेडिकल वेस्ट जब्त किया है। टीम जब क्षेत्र का दौरा कर रही थी तो क्लीनिक पर भीड़ देकर वहां कोरोना कर्फ्यू के उल्लंघन की कार्यवाही करने पहुंची। वहां जब नायाब तहसीलदार ने जांच की तो पता चला कि यह क्लीनिक ही अवैध रूप से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार नायाब तहसीलदार हेमेंद्र कुमार ने मंगलवार को राठौड़ स्थित क्लीनिक पर जमा भीड़ पाए जाने पर कोरोना प्रोटोकाॅल का उल्लंघन होने पर क्लीनिक को सील कर दिया था। आज बुधवार को नायाब तहसीलदार ने जब दोबारा निरीक्षण किया तो क्लीनिक खुला मिला। इस पर नायाब तहसीलदार ने सेमारी थानाधिकारी कर्मवीर सिंह और सीएचसी प्रभारी डाॅक्टर सतीश खराड़ी को टीम सहित बुलाया।
टीम ने मौके पर जांच की तो पाया कि बंगाली शिवकुमार विश्वास के पास क्लीनिक चलाने संबंधी न तो कोई डिग्री थी और न ही लाइसेंस। इस पर टीम ने बंगाली शिवकुमार विश्वास, राकेश और हिना विश्वास तीन लोगों के खिलाफ मेडिकल एक्ट और आपदा प्रबन्धन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। टीम ने क्लीनिक से करीब 60 प्रकार की दवाइयां, बायो-वेस्ट और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट बरामद किए हैं।


