करौली,(ARLive news)। जिले के हिंडौन में मंगलवार तड़के महिला सरपंच आशादेवी के पति पप्पू जाट की उसी के दो दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने पप्पू जाट की 6 गोली मारकर हत्या की। इसमें से 5 गोली पीठ में और एक गोली सिर में मारी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से पप्पू की बोलेरो कार और सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर सूरौठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं। वहीं शव का हिंडौन राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सरपंच आशादेवी के पति 35 वर्षीय पप्पू जाट देर रात किसी शादी कार्यक्रम में गया था। इस दौरान उसके दो दोस्त तोताराम और घनश्याम भी उसके साथ थे। शादी में शामिल होने के बाद पप्पू घर वापस आ गया था। लेकिन कुछ देर बाद ही वह फिर गाड़ी में बैठकर तोताराम और घनश्याम के साथ कहीं रवाना हो गया।
झगड़ा हुआ तो दोस्तों ने ही मार दी गोली
बताया जा रहा है कि चिनायटा गांव और बीचकापुरा गांव के बीच सीनियर सेकंडरी स्कूल के पास तड़के 3 बजे पप्पू जाट अपने दोनों दोस्त तोताराम और घनश्याम के साथ शराब पी रहे थे। इस दौरान पप्पू का तोताराम और घनश्याम से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों ने पप्पू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हत्या करने के बाद दोनों बदमाश पप्पू की बोलेरो कार और सोने की चेन भी साथ ले गए। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे और उन्होंने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
मृतक के पिता ने तोताराम और घनश्याम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। दोनों युवकों के पहले से आपराधिक रिकॉर्ड हैं। वहीं, मृतक पप्पू जाट के खिलाफ भी कई मामले चल रहे थे।


