उदयपुर,(ARLive news)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिचार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायतीराज अवार्ड 2021 के वर्चुअल कार्यक्रम में दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण योजना अंतर्गत राजस्थान के उदयपुर जिले की कोटड़ा पंचायत समिति तथा थूर ग्राम पंचायत को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री ने वहीं से ऑनलाइन राशि दोनो के खाते में भेजी।
कोटड़ा पंचायत समिति को इस अवार्ड के तहत 25 लाख रुपये एवं थूर ग्राम पंचायत को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। यह राशि क्षेत्र के विकास पर खर्च की जाएगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। गांवों तक संक्रमण नहीं पहुंचे, इसके लिए सभी को कोविड प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना करनी होगी और आमजन को प्रेरित करना होगा।
उदयपुर जिला मुख्यालय से जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश सुराणा एवं कोटडा पंचायत समिति व थूर ग्राम पंचायत के अधिकारी-प्रतिनिधि कार्यक्रम से जुड़े रहे।
इन कार्यों के लिए हुआ चयन
सीईओ डॉ. मंजू ने बताया कि कोटड़ा पंचायत समिति का चयन मनरेगा में श्रमिकों का समय पर भुगतान, ज्यादा रोजगार, राजीविका महिला समूह के कार्य, मौताणा प्रथा रोकथाम, बाल मजदूरी रोकथाम के लिए विशेष अभियान, कुपोषण निवारण शिविर, सुपोषण वाटिका जैसे विशेष अभियान, सामान्य कार्यों में ऑफिस के प्रत्येक शाखाओं के कमरे में सीसीटीवी कैमरे, बायोमैट्रिक मशीन की स्थापना, वेबसाइट एप, वाईफाई परिसर, सामुदायिक शौचालय, पनघट, आरओ मशीन आदि तकनीकी नवाचारों के लिए किया गया।
इसी प्रकार, थूर पंचायत का चयन ग्राम सभाओं के आयोजन, जीपीडीपी योजना में गरीबी उन्मूलन, महिला एवं बच्चों से जुड़े मुद्दे, सामाजिक अकेक्षण के क्षेत्र में, नमरेगा, मिशन अंत्योदय आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए किया गया।


