नई दिल्ली,(ARLive news)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कोरोना संक्रमित होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया है। हल्के लक्षण दिखने पर उन्होंने कोरोना की जांच करवायी थी, जिसमें आज मंगलवार को उनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आयी। उन्होंने ट्विट कर इस बात की जानकारी दी और अपील की है कि पिछले दिनों में जो कोई भी उनके संपर्क में आया है, वे कोरोना प्रोटोकाॅल की पालना करें और सुरक्षित रहें।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने पिछले दिनों पश्चिम बंगाल, केरल, असम, पुडुचेरी और तमिलनाडु में लगातार चुनाव रैलियां की थीं। दो दिन पहले ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की अपनी आगामी सभी रैलियां रद्द कर दी थी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राहुल गांधी ने दूसरी पार्टियों के नेताओं से भी उनकी रैलियां रद्द करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि मैं सभी राजनीतिक नेताओं को सलाह दूंगा कि मौजूदा परिस्थितियों में बड़ी सार्वजनिक रैलियों के आयोजन के परिणामों पर गहराई से विचार करें।


