जयपुर,(ARLive News)। राजस्थान में आज कोरोना संक्रमितों के सारे रिकॉर्ड टूट गए। शनिवार को एक दिन में प्रदेश में 9046 संक्रमितों की पुष्टि हुई है और 37 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। ऐसा पहली बार हुआ जब प्रदेश के 3 जिलों में संक्रमितों की संख्या एक दिन में एक हजार से ऊपर गयी हो।
आज सर्वाधिक जयपुर में 1484, जोधपुर में 1265 और कोटा में 1049 संक्रमितों की पुष्टि हुई। प्रदेश के छोटे जिलों में भी संक्रमित तेजी से बढ़ रहे हैं, यही कारण रहा कि शनिवार को 33 में से 19 जिलों में संक्रमितों की संख्या 100 से अधिक रही है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोविड के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में जिस तरह से मरीजों और मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है, हालात चिंताजनक हैं, आज भी प्रदेश में 9046 कोविड केस आए हैं और 37 लोगों की मृत्यु हुई है इसी सन्दर्भ में आज लगभग साढ़े 3 घंटे समीक्षा की।
कल निवास पर 12 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। उसमें कोविड को लेकर डिस्कस होगा, उसके बाद कल शाम को 5 बजे वापस कोविड रिव्यू मीटिंग होगी, जिसे सभी के लिए ओपन रखेंगे और इसके बाद कुछ जरूरी फैसले लिए जाएंगे। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता जीवन बचाना है।



