नाइजीरिया,(ARLive news)। नाइजीरिया के दक्षिण पूर्वी इलाके के ओवेरी शहर में बंदूकधारियों ने सोमवार को पुलिस और सेना की इमारतों पर हमला बोल दिया। बंदूकधारियों ने एक जेल सहित कई सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया। हमला करीब दो घंटे तक जारी रहा। मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार सशस्त्र हमले के बाद जेल से 1,844 कैदी फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन नाइजीरिया के पुलिस महानिरीक्षक ने अलगाववादियों को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
नाइजीरियाई सुधार सेवा (एनसीएस) प्रवक्ता फ्रांसिस एनोबोर ने कहा है कि ओवेरी शहर में उनके एक बिल्डिंग पर अज्ञात बंदूकधारियों ने सोमवार को अपराह्न् करीब 2.15 बजे धावा बोल दिया। सशस्त्र हमले के बाद 1,844 कैदी फरार हो गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक हथियारों से लैस बड़ी संख्या में बंदूकधारियों ने यहां पहुंचे। जिसके बाद ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के साथ उनकी मुठभेड़ शुरू हो गई। वे प्रशासनिक ब्लॉक में रखे विस्फोटकों का इस्तेमाल करके यार्ड में घुस गए।
कार्यवाहक महानिदेशक जॉन म्राबुरे ने घटना की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं और अन्य सुरक्षा संगठनों के साथ मिलकर भागने वाले कैदियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है। महानिरीक्षक मोहम्मद अबुबकर अदमू ने राज्य में सुरक्षा को मजबूत करने और किसी संभावित हमलों को रोकने के लिए पुलिस मोबाइल फोर्स और अन्य पुलिस सामरिक दस्तों की अतिरिक्त इकाइयों की तत्काल तैनाती का आदेश दिया है।


