मुंबई,(ARLive news)। वसूली के आरोप में घिरे महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने सोमवार को गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह दिलीप वलसे पाटिल राज्य के नए गृह विभाग होंगे। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल को पत्र भेजकर गृह मंत्री अनिल देशमुख का इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि दिलीप वलसे पाटिल को गृह विभाग का प्रभार दिया जाना चाहिए।
देशमुख ने इस्तीफा देने से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनके घर जाकर मुलाकात की। इसके बाद देशमुख दिल्ली रवाना हो गए। गृहमंत्री के इस्तीफे के बीच राकांपा चीफ शरद पवार और डिप्टी सीएम अजित पवार के बीच भी मुलाकात हुई। इस्तीफे में देशमुख ने लिखा है कि आज माननीय हाईकोर्ट की ओर से एडवोकेट जयश्री पाटिल की याचिका पर सीबीआई जांच का आदेश दिया गया है। इसलिए मैं नैतिकता के आधार पर गृह मंत्री के पद से इस्तीफा देता हूं। मैं आपसे विनम्र निवेदन करता हूं कि मुझे गृह मंत्री के पद से मुक्त किया जाए।
गौरतलब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर ने देशमुख पर आरोप लगाए थे कि देशमुख ने निलंबित पुलिस अधिकारी और एंटीलिया केस में फंसे सचिव वझे को 100 करोड़ रुपए वसूली का टारगेट दिया था।


