अलवर,(ARLive news)। कृषि कानून के खिलाफ हो रहे किसानों के प्रदर्शन को धार देने के लिए लगातार किसान नेताओं की महापंचायतों का दौर जारी है। शुक्रवार को राजस्थान के अलवर के ततारपुर चौराहे के पास भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के काफिले पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। उन लोगों ने चलती गाड़ियों पर पथराव किया और मौके से फरार हो गए, जिससे करीब तीन से चार गाड़ियों के शीशे टूट गए।
हालांकि इस हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। राकेश टिकैत ने कहा कि यह हमला भाजपा के गुण्डों की ओर से किया गया है। जो एक तरह से लोकतंत्र की हत्या है।
जानकारी के अनुसार किसान नेता टिकैत शुक्रवार को हरसौली में सभा करने के बाद बानसूर जा रहे थे। शाम करीब चार बजे बाद जैसे ही उनका काफिला ततारपुर चौराहे के पास पहुंचा तभी करीब एक दर्जन से अधिक युवकों ने गाड़ी के काफिले पर पथराव कर दिया, जिससे एक गाड़ी का शीशा पूरी तरह से टूट गया और तीन-चार कारों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद चौराहे पर जाम लग गया। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाया।


