बंगाल,(ARLive news)। पश्चिम बंगाल चुनाव में गुरुवार को दूसरे चरण में 30 सीटों के लिए मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक 80.43% वोटिंग हुई। वहीं कुछ स्थानों पर हिंसा और बूथ कैप्चरिंग की घटनाओं के आरोप प्रत्यारोप भी लगाए गए।
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर आचार संहिता के उल्लंघन के बड़े आरोप लगाए। ममता ने आरोप लगाया कि मोदी चुनाव वाले दिन पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कैसे कर सकते हैं? वहीं अमित शाह सीधे केंद्र के भेजे गए सुरक्षाकर्मियों को आदेश दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व्हील चेयर पर वहां पहुंचीं और लोगों से बात की। ममता ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार से आए लोग माहौल खराब कर रहें हैं। बाहरी गुंडे वोटिंग प्रभावित कर रहे हैं। चुनाव आयोग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मामले में राज्यपाल से भी बात कर केंद्रीय बलों की शिकायत की। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की तो कोर्ट जाऊंगी।
दोनों तरफ से चले आरोप-प्रत्यारोप
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। साथ ही टीएमसी ने मोयना सीट के 8 बूथ पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया है। यहां तैनात सीआरपीएफ के जवान भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ बूथों में घुसकर ईवीएम में घालमेल करने और बूथ में धांधली करने का प्रयास कर रहे हैं।
बंगाल की हॉट सीट नंदीग्राम के एक पोलिंग बूथ पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मतदान नहीं करने दिया जा रहा है। डेबरा के एक मतदान केंद्र के पास भारी संख्या में सुरक्षाबल की मौजूदगी में जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद पुलिस ने डेबरा के बीजेपी मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह को हिरासत में लिया।
वहीं दूसरी ओर नंदीग्राम के कमलपुर के पास भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला हुआ। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि यह पाकिस्तानियों का काम है। उस बूथ पर एक विशेष समुदाय के मतदाता हैं, जो ऐसा कर रहे हैं। पश्चिम मेदिनीपुर केशपुर में बूथ संख्या 173 पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं पर भाजपा के पोलिंग एजेंट की पिटाई का आरोप लगाया जा रहा है। पोलिंग एजेंट को अस्पताल ले जाया गया है। भाजपा नेता तन्मय घोष की कार में तोड़फोड़ करने की भी खबर है।


