आग इतनी भीषण की फायरब्रिगेड भी नजदीक नहीं पहुंच पायी
भीलवाड़ा,(ARLive news)। भीलवाड़ा जिले में जयपुर-कोटा हाईवे पर टीकड़ गांव मोड़ के पास मंगलवार रात घरेलू गैस सिलेंडर से भरे ट्रक पर आकाशीय बिजली गिर गयी। ट्रक में 450 घरेलू गैस सिलेंडर भरे हुए थे। बिजली गिरते ही ट्रक में भीषण आग लग गयी और ट्रक में भरे सिलेंडरों में एक-एक बाद एक धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज से आस-पास का क्षेत्र भी दहल गया।
आग इतनी भीषण थी कि फायरब्रिगेड भी आग बुझाने नजदीक नहीं जा सकी। आग की लपटें 5-7 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। सिलेंडरों में ब्लास्ट के साथ ही टुकड़े खेतों और घरों की छतों पर गिरे। इससे आस-पास के गांवों में लोग रातभर सो नहीं सके और दहशत में रहे।
ट्रक नसीराबाद से कोटा के भवानीमंडी की तरफ जा रहा था। हादसे में ट्रक ड्राइवर ने बमुश्किल भाग कर अपनी जान बचायी, हालां कि वह झुलस गया है और हाॅस्पिटल में उपचाररत है। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। पुलिस ने भी करीब 1 किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया गया। बुधवार सुबह तक हाईवे बंद रहा। आज सुबह कोटा, अजमेर और जयपुर जाने वाले यात्रियों को डायवर्ट कर जहाजपुर से बसोली मोड़ से निकाला गया।


