जयपुर,(ARLive news)। केन्द्र सरकार ने कोरोना टीकाकरण में उम्र सीमा के दायरे को बढ़ा दिया है। मंगलवार को सरकार ने इस पर फैसला लिया। इसके तहत 1 अप्रेल से 45 साल और इससे ऊपर के सभी लोग कोरोना वैक्सीनेशन के दायरे में आएंगे। इस दायरे में आने वाले लोगों को सिर्फ कोविन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद वे सरकारी या प्राइवेट सेंटर पर जाकर टीका लगवा सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। लोगों को सिर्फ अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा और उन्हें आसानी से सरकारी और प्राइवेट सेंटर्स पर वैक्सीन मिल जाएगी।
दूसरा डोज 6 से 8 हफ्ते बाद लगेगा
सोमवार को ही केंद्र सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की थी। इसके मुताबिक कोविशील्ड वैक्सीन के दो डोज के बीच का समय 6 से 8 हफ्ते रहेगा, जबकि अभी तक कोविशील्ड के दोनों डोज के बीच 4 से 6 हफ्ते का अंतर ही रखा जा रहा था। हालां कि यह नियम सिर्फ कोविशील्ड पर लागू होगा। भारत बायोटेक की कोवैक्सिन पर यह नियम लागू नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि देश में 16 जनवरी को हेल्थकेयर वर्कर्स को कोरोना वैक्सीन लगाने के साथ ही टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी वैक्सीन लगने लगी थी। टीकाकरण के दूसरे चरण में 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गो के वैक्सीन लगाना शुरू किया गया था।


