उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर से हाई स्पीड रेल (Bullet Train ) गुजरेगी। इसके लिए दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-गांधीनगर-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल काॅरिडोर बनाया जाएगा। खासबात है कि इस परियोजना का 653 किमी हिस्सा उदयपुर सहित राज्य के 7 जिलों में से गुजरता है। ऐसे में बुलेट ट्रेन राज्य के 7 जिलों से गुजरेगी।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार कलक्टर चेतन देवड़ा ने नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं उनके प्रतिनिधियों को सहयोग करने तथा परियोजना से संबंधित कार्यां में जिला स्तर पर एक समन्वय स्थापित करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन ओपी बुनकर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि बुनकर समय-समय पर भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा जारी आदेशों अनुरुप कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे।
कलक्टर देवड़ा ने बताया कि नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-गांधीनगर-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए डीपीआर का कार्य सौंपा गया है। इस परियोजना का 653 किमी हिस्सा उदयपुर सहित राज्य के 7 जिलों में से गुजरता है। प्रस्तावित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर एक उच्च प्राथमिकता की परियोजना है जिसका पर्यवेक्षण उच्च स्तर से किया जा रहा है।
300 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी ट्रेन
जानकारी के अनुसार हाई-स्पीड ट्रेन 300 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से दौड़ती है। जबकि अन्य यात्री ट्रेन अधिकतम 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलती हैं। हाई स्पीड ट्रेन के देशभर में 5 रूट प्रस्तावित हैं, इसमें दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-गांधीनगर-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल है।


