मुंबई,(ARLive news)। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों के साथ मिले स्कॉर्पियो के मामले में रोज नए मोड़ आ रहे हैं। इस केस में अब एनआईए के हाथ एक मर्सिडीज कार लगी है, जिसमें से 5 लाख की नगदी, पेंट-शर्ट , गाड़ियों के नेम प्लेट और बोतल में केरोसिन तेल मिला है। ये काली कार मुंबई क्राइम ब्रांच के ऑफिस के पास एक पार्किंग में खड़ी थी।
इस मामले की जांच कर रहे एनआईए के आईजी अनिल शुक्लाने कहा, सचिन वाझे ही मर्सिडीज कार का इस्तेमाल करते थे लेकिन फिलहाल अभी ये कार किसके पास थी और वो कैसे इसका यूज कर रहा है और ये मुंबई क्राइम ब्रांच के ऑफिस के पार्किंग एरिया में कैसे आई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
इससे पहले सीसीटीवी फूटेज में एक शख्स एंटीलिया के पास दिखाई दिया था, जिसने पीपीई किट पहना हुआ था। शक जाहिर किया गया था कि ये किट पहने हुए सचिन वाझे ही थे। सचिन वाझे के ड्राईवर का बयान सामने आया था, जिसने कहा था कि पीपीई किट पहने इंसान ने जो शर्ट पहनी थी, वो सचिन वाझे की थी, जो कि वो अक्सर पहना करते थे। फिलहाल सचिन वाझे एनआईए की हिरासत में है।


