गिरफ्तार आरोपी गिरोह में बनता था नकली पुलिसवाला, लड़की खरीदने वालों को डरा-धमका कर करते थे वसूली
उदयपुर,(ARLive news)। जिले की कोटड़ा पुलिस ने आदिवासी अंचल की लड़कियों को रोजगार के नाम पर बहला-फुसलाकर गुजरात लेजाकर बेचने और फिर लड़की को ले जाने वाले पक्ष को नकली पुलिस बनकर ब्लैकमेल कर रूपए एंठने वाले गिरोह का पर्दाफाष किया है। पुलिस ने मामले में कोटड़ा के वासेला निवासी सोहन लाल पुत्र लिम्बाराम परमार को गिरफ्तार किया है। खासबात है कि सोहनलाल परमार कोटड़ा, झाड़ोल (फ) विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याषी बनकर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है।
एसपी राजीव पचार ने बताया कि एक मामले की पड़ताल में सामने आया है कि यह गिरोह बनाकर गुजरात के ठाकुर जाति के लोगों को शादी का झांसा देकर लडकीयों को बहला फुसला कर गुजरात में बेचते हैं। इसके बाद लडकीयों को खरीदने वाली पार्टी से नकली पुलिस बनकर उन्हें डरा धमका कर रूपये हड़पते हैं और पकड़े जाने से डर से आदिवासी क्षेत्र के जंगलों की तरफ रहते हैं।
शादी के लिए लड़की लेने आए व्यक्ति ने दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद निवासी दिनेश पुत्र लाखा भाई परमार ने रिपोर्ट दर्ज करवायी थी कि 22 फरवरी को कोटड़ा के भुरी ढेबर निवासी भरत ने फोन करके हमे भुरी ढेबर बुलाया। जिस पर हम पांच लोग तुलसी भाई, गिरिश, लक्ष्मण, चन्दु, हितेश गाड़ी से धोलीमाल से भुरी ढेबर पहुंचे। भरत ने लक्ष्मण की रिष्ते की बात करने लड़की पक्ष से मिलवाने बुलाया था। वहां पहुंचे तो वो हम सभी को एक घर ले गया। हम लक्ष्मण के रिश्ते की बात कर रहे थे कि अचानक हमसे हमारे मोबाइल छीन लिए। एक व्यक्ति पुलिस वाला बनकर आया और डरा-धमका कर हमसे 50 हजार रूपए लूट लिए।


