प्रदेश अध्यक्ष ने कहा सभी एक-दूसरे का सम्मान करेंगे, जो नहीं कर सकते वे खुद को पदमुक्त समझें
उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर में मंगलवार को कलेक्ट्री के सामने हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदर्शन में खुद मोर्चा के पदाधिकारी आपस में भिड़ गए। नाराजगी थी कि कुछ को मंच पर बोलने या एडीएम को ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधि मंडल में शामिल होने का मौका नहीं मिला। इस बीच पदाधिकारियों ने गुस्से में गालियों का उपयोग भी किया।
प्रदर्शन में शामिल प्रदेश अध्यक्ष एम सादिक खान ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के पदाधिकारियों के इस व्यवहार के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने पदाधिकारियो को स्पष्ट कर दिया कि सभी एक-दूसरे का सम्मान करेंगे। मैं यहां ताली बजाने या भाईसाहब भाईसाहब करने नहीं आया हूं। अगर कोई पदाधिकारी इस प्रकार का व्यवहार आगे भी करेगा तो वह खुद को पदमुक्त समझ लें।
कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ किया प्रदर्शन
प्रदर्शन में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष एम सादिक खान ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को अल्पसंख्यक वर्ग पर कुठाराघात बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में जिस तरीके से अल्पसंख्यक वर्ग की कार्ययोजनाओं पर विराम लगा दिया है और मुद्दे से भटकाया जा रहा है, वह अच्छा नहीं है। अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में छात्र सीमा को हटा दिया गया जबकि अल्पसंख्यक छात्रों को कोचिंग के लिए छात्रवृत्ति देने वाली योजना का सही क्रियान्वयन नहीं होने से इस वर्ग को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने आरपीएससी में सदस्य बनाने में मुस्लिम समाज की अनदेखी करने की बात भी कही। मोर्चा के प्रदेश महामंत्री इकराम क़ुरैशी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हमीद खान मेवाती, प्रदेश उपाध्यक्ष फरमान कुरेशी, फरीदुद्दीन शेख, प्रदेश मंत्री अयूब भाई, सिकंदर भाई, मोहम्मद इरशाद जिला अध्यक्ष जाकिर भाई घाटी वाले सहित कई लोग मौजूद थे।


