जयपुर,(ARLive news)। पीड़िता से बतौर रिश्वत अस्मत मांगते गिरफ्तार हुए आरपीएस एसीपी कैलाश बोहरा को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को मंत्री शांति धारीवाल ने विधानसभा में घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की एक प्रक्रिया है, यह प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
सुबह ही जारी कर दिए थे निलंबन आदेश
कैलाश बोहरा को निलंबित करने के आदेश गृह विभाग ने आज सोमवार को कार्यालय खुलने से पहले ही जारी कर दिए थे। कैलाश बोहरा को एसीबी ने रविवार दोपहर रिश्वत के बदले अस्मत मांगते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पीड़िता ने जुलाई में एफआईआर दर्ज करवायी थी। इस मामले की जांच एसीपी कैलाश बोहरा के पास थी। मामले की जांच कर कार्यवाही करने की एवज में कैलाश बोहरा ने पीड़िता से पहले तो रिश्वत लेता रहा और बाद में उससे उसकी अस्मत ही मांग ली। रविवार को पीड़िता को कार्यालय बुलाकर एसीपी कैलाश बोहरा ने उसके साथ बदसलूकी-छेड़छाड़ की।
दागी अफसरों को फील्ड पोस्टिंग देने पर हंगामा
विधानसभा में कैलाश बोहरा को बर्खास्त करने की घोषणा के बाद नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने दागी अफसरों को फील्ड पोस्टिंग नहीं देने की घोषणा करने को कहा। इस पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ देर हंगामे के बाद मामला शांत हुआ।


