औरंगाबाद,(ARLive news)। महाराष्ट्र में कोरोना-वैक्सीनेशन के बावजूद कोरोना वायरस का संक्रमण नियंत्रण से बाहर है। महाराष्ट्र नए मरीजों के मामले में अभी भी टॉप पर बना हुआ है। अब औरंगाबाद में वीकेंड पर पूरी तरह लॉकडाउन लगाया गया है। औरंगाबाद जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण मामलों की कुल संख्या 57,755 है, जिनमें 5,569 केस एक्टिव हैं।
प्रशासनिक अधिकारी ने कहा, कर्फ्यू शनिवार मध्य रात्रि से शुरू होगा और सोमवार सुबह छह बजे खत्म होगा। करोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यहां पूर्ण-लॉकडाउन लगाया गया है। मकान-दुकानों पर लॉक लग गए हैं। लोगों को बाहर न निकलने के लिए कहा जा रहा है। जगह-जगह पुलिस का पहरा है।
अधिकारी ने कहा, जिले की नगरपालिका परिषदों, नगर पंचायतों और इन सीमाओं से बाहर तीन किलोमीटर क्षेत्र में कर्फ्यू लागू किया जाएगा। सरकारी कार्यालयों, मेडिकल स्टोर, अस्पतालों और आपातकालीन सेवाओं में लगे वाहनों को कर्फ्यू से छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा, सुबह छह बजे से सुबह नौ बजे तक ‘होम डिलीवरी’ की अनुमति होगी। कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।


