जोधपुर,(ARLive news)। जिले के बाप थाना क्षेत्र में गाडना गांव के पास शनिवार सुबह मिनी बस और ट्रॉले की भीषण टक्कर में दो महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 पुरुष, 3 महिलाएं और 6 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद पीछे आ रहे एक ट्रक तेजी से ब्रेक लगाने के कारण पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाप के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही ट्रॉले चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी 4 दोस्त हैवल्स कंपनी में काम करते थे। चारों दोस्तों ने परिवार सहित जैसलमेर घूमने का प्लान बनाया था। सभी एक मिनी बस में सवार होकर जैसलमेर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह सात बजे जैसलमेर-बीकानेर हाईवे पर गाडना गांव के पास तेज रफ्तार मिनी बस, ट्रॉले के साइड से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस की पूरी बॉडी उखड़ गई। बस की छत और जिस तरफ से टकराया उस तरफ की चादर ट्रॉले में फंसकर उखड़ गई। हादसे के बाद बस में सवार सभी लोग अंदर फंस गए। दो महिलाओं और तीन पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग होकर करीब 100 फीट दूर जा गिरा।
भयावह स्थिति में स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे छह बच्चे, तीन पुरुष व तीन महिलाओं को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीकानेर रेफर किया गया।


