जोधपुर,(ARLive news)। शहर में रिंग रोड पर डाली बाई मंदिर के पास गुरुवार दोपहर पुरानी दुश्मनी के चलते एक हिस्ट्रीशीटर राकेश मांजू, दूसरे हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। फायरिंग में विक्रम सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे एमडीएम अस्पताल लाया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह नांदिया कार से रिंग रोड होकर जा रहा था। इस दौरान डाली बाई मंदिर के पास एक अन्य वाहन में सवार राकेश मांजू ने विक्रम सिंह की कार को सामने से रोक दिया। कार रुकते ही राकेश मांजू ने उसकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। मांजू ने विक्रम सिंह पर नौ गोलियां दागी, इनमें से 8 गोलियां कार में ही लग कर रह गई। लेकिन एक गोली उसके लगी, जो साइड से उसकी पसलियों के नीचे की तरफ अंदर ही फंस गई। इसके बाद राकेश मांजू मौके से फरार हो गया।
सुचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद घायल विक्रम को उसके साथी उसी कार से एमडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि थोड़ी देर में गोली को निकाल दिया जाएगा,उसकी हालत खतरे से बाहर है।
दुश्मनी का कारण
राकेश को शक है कुछ वर्ष पहले उसके भाई दिनेश मांजू का मर्डर में विक्रम सिंह भी शामिल था। तभी से राकेश विक्रम पर हमला करने का मौका ढूंढ रहा था। आज मौका मिलते ही उसने विक्रम पर फायरिंग कर दी।


