जयपुर,(ARLive news)। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने UPI का पिन चुराकर बैंक खाते से 1.23 लाख रुपए निकालने के आरोप में शिवदासपुरा निवासी महेश कुमार (22) को गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण हरेन्द्र सिंह ने बताया कि श्याम सिंह पुत्र कल्याण सिंह ने 28 फरवरी को एक रिपोर्ट दर्ज करवाई की। जिसके अनुसार 24 फरवरी को उसके पिता का मोबाइल बंद हो गया और 26 फरवरी को जब वह बैंक से पैसे निकालने गए तो खाते में जमा रुपये भी नहीं मिले। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से पड़ताल कर आरोपी महेश कुमार को 2 दिनों में गिरफ्तार कर किया है।
बच्चे के मोबाइल में पेटीएम का यूपीआई कोड दादा के बैंक खाते से जुड़ा था
पूछताछ में आरोपी महेश ने बताया कि वह सीतापुरा स्थित फैक्ट्री में काम करता है। फैक्ट्री के बाहर पीड़ित श्याम सिंह की चाय की थड़ी है, जहां आरोपी महेश की दोस्ती श्याम के पुत्र 15 वर्षीय सचिन के साथ हो गई। गहरी दोस्ती होने के बाद महेश ने धोखे से सचिन के मोबाइल से उसका UPI पिन चुरा लिया और सचिन की फोटो भी स्क्रीन शॉट करके ले ली। सचिन के मोबाइल का Paytm UPI अकाउंट उसके दादा कल्याण सिंह के बैंक खाते से जुड़ा था।
इसके बाद आरोपी ने सचिन के मोबाइल नंबर को ऑनलाइन पोर्ट करवाया। पोर्ट की हुई सिम का उपयोग करते हुए आरोपी ने पेटीएम एप खोला और सचिन के दादा कल्याण सिंह के बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के करके 1.23 लाख रुपए अपने पेटीएम में ट्रांसफर कर लिए। इस बीच पीड़ित का मोबाइल नंबर बंद होने के कारण उन्हें किसी भी ट्रांजेक्शन का पता नहीं चल सका।
मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक आशुतोष, कांस्टेबल राजेश, जगदीश और नरेश कुमार की टीमका मुख्य योगदान रहा।


