उदयपुर,(ARLive news) उदयपुर में सोमवार से कोरोना वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत हुई। इस चरण में 60 साल से अधिक और गंभीर बीमारी से ग्रस्त 45 से 59 वर्ष के व्यक्तियों को चिकित्सकीय प्रमाण पत्र दिखाने पर वैक्सीन लगाया जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास ने एमबी हॉस्पिटल के सुपर स्पेशलियटी ब्लॉक में कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर सबसे पहले टीका लगवाया।
गिरिजा व्यास ने वैक्सीन लगवाने के बाद कोविड गाइडलाइन के अनुसार अधिक से अधिक संख्या में कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील की। व्यास ने कहा कि टीका लगवाने के बाद मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। हम सब की जिम्मेदारी है कि वैक्सीन लगवाने के बाद भी हमें दो गज की दूरी रखनी है और मास्क जरूर लगाना है। पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, समाजसेवी गोपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ नागरिकों ने सोमवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
घर बैठे करवा सकते हैं पंजीयन
सीएमएचओ दिनेश खराड़ी ने बताया कि 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग और गंभीर बीमारी से ग्रस्त 45 से 59 वर्ष के व्यक्तियों को चिकित्सकीय प्रमाण पत्र दिखाने पर वैक्सीन लगाया जाएगा। इस बारे में सर्टिफिकेट जारी करने के लिए सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा सीएचसी व पीएचसी प्रभारी को निर्देश दिए गए है। टीकाकरण के लिए कोविन 2.0 एप तैयार किया गया हैए जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे मोबाइल द्वारा पंजीयन करवा सकते हैं। कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर भी ऑन द स्पॉट पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्डए वोटर आईडी कार्ड लाना होगा।


