उदयपुर,(ARLive news)। नगर पालिका चुनाव के रविवार को परिणाम घोषित हुए। इस बार मेवाड़ में कांग्रेस ने परचम लहराया है। उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा सलूंबर में अपनी पत्नी मीना को नहीं जिता सके। संभाग के 380 वार्डों में 176 पर कांग्रेस, 170 पर भाजपा और 34 पर अन्य निर्दलीय जीते हैं।
राजस्थान के 90 निकाय के 3035 वार्डों में 1194 पर कांग्रेस, 1146 पर भाजपा और 694 पर निर्दलीयों व अन्य पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की
सलूंबर नगर पालिका में सांसद की पत्नी मीना वार्ड 24 में 119 वोट से हारी हैं, यहां परवीन बानो ने 245 वोट हासिल कर जीत दर्ज की है। सलूंबर की 25 में से कांग्रेस 15 सीट के साथ अपना बोर्ड बनाएगी, वहीं यहां 8 सीट पर भाजपा और 2 सीट निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।
भींडर नगर पालिका में तो जनता सेना ने भाजपा की सूपड़ा साफ करने जैसी स्थित कर दी। 25 सीटों में करीब 21 सीटों पर तो भाजपा प्रत्याशी जमानत तक नहीं बचा सके। भींडर में जनता ने जनता सेना को ही चुना। भींडर की 25 सीटों में जनता सेना ने 13, कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने मात्र 2 सीट ही जीती है।
फतहनगर नगर पालिका में भाजपा ने 25 में से 14 सीट जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस ने 11 सीटें जीती हैं।
विधायक किरण माहेश्वरी के निधन के बाद सभी की निगाहें राजसमंद नगर परिषद पर थीं। किरण माहेश्वरी जैसा अच्छा नेतृत्व खोने के बाद चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका मिला है। राजसमंद नगर परिषद की 45 सीटों में 27 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है, वहीं भाजपा 18 सीट ही जीत सकी।
राजसमंद के देवगढ़ नगर पालिका की 25 सीटों में भाजपा ने 14 सीट और कांग्रेस ने 11 सीट पर जीत हासिल की।


